UPSC कौन-कौन सी  परीक्षाएं कराता है?


यूपीएससी का नाम सुनते ही हमारे मन में सबसे पहले आईएएस का ही नाम आता है। इससे थोड़ा आगे बढ़ें तो आईपीएस, आईएफ़एस और आईआरएस। यूपीएससी को लेकर अधिकांश लोगों की सोच इन्हीं नामों तक आ कर सिमट जाती है। लेकिन यूपीएससी का पूरा नाम तो यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन है। जिसका मतलब है केन्द्रीय प्रशासन के अलग अलग विभागों के लिए नियुक्ति करने का काम यूपीएससी ही करती है। तो आखिर कौन सी परीक्षाएँ हैं जो यूपीएससी Conduct करती है? आइए जानते हैं आज के Blog में।

UPSC भारत की प्रमुख केंद्रीय भर्ती एजेंसियों में से एक है। यह सभी भारतीय सेवाओं और केंद्रीय सेवाओं के ग्रुप ए और ग्रुप बी के लिए नियुक्तियां करता है और परीक्षाओं का आयोजन करता है। पहला पब्लिक सर्विस कमीशन 01 अक्टूबर, 1926 को स्थापित हुआ था। आजादी के बाद संवैधानिक प्रावधानों के तहत 26 अक्टूबर, 1950 को लोक आयोग की स्थापना हुई। भारतीय संविधान का अनुच्छेद 315 संघ और राज्यों के लिए लोक सेवा आयोगों से संबंधित है। वहीं अनुच्छेद 316 सदस्यों के कार्यालय की नियुक्ति और कार्यकाल से संबंधित है। बता दें कि संघ लोक सेवा आयोग की स्थापना अनुच्छेद 315 के तहत हुई थी।

बेशक आईएएस, आईपीएस, आईएफएस ऐसी सेवाएं हैं, जिनकी मांग सबसे ज्यादा रहती है। परीक्षा में टॉप मेरिट में आने वाले अभ्यर्थी इन सेवाओं में जा पाते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा (UPSC Civil Service Exam) के जरिए देश की कुल 24 सरकारी सेवाओं (Govt Jobs) में जाने का मौका मिलता है।

भारत सरकार (Govt Of India) के साथ-साथ कई केंद्र शासित प्रदेशों (Union Territory) की प्रमुख सरकारी सेवाओं में भी यूपीएससी सिविल सर्विसेस की जरिए ही नियुक्तियां की जाती हैं। सिविल सेवा परीक्षा में उम्मीदवारों को कई चरणों की चयन प्रक्रिया में शामिल होता होता है। उम्मीदवारों को पहले प्री परीक्षा में शामिल होना होता है। उसके बाद प्री परीक्षा में पास होने वाले उम्मीदवारों को मेन्स परीक्षा में शामिल होना होगा। उसके बाद उम्मीदवारों का साक्षात्कार होगा। उन सभी 24 सेवाओं के नाम की पूरी लिस्ट आगे दी गई है।

1. भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) 

2. भारतीय पुलिस सेवा (IPS) 

3. भारतीय वन सेवा (IFoS) 

4. भारतीय विदेश सेवा (IFS) 

5. भारतीय सूचना सेवा (IIS) 

6. भारतीय डाक सेवा (IPoS) 

7. भारतीय राजस्व सेवा (IRS) 

8. भारतीय व्यापार सेवा (ITS) 

9. रेलवे सुरक्षा बल (RPF) 

10. पॉन्डीचेरी सिविल सेवा (PCS) 

11. पॉन्डिचेरी पुलिस सेवा (PPS) 

12. दिल्ली, अंडमान निकोबार आइलैंड्स सिविल सेवा (DANICS) 

13. दिल्ली, अंडमान निकोबार आईलैंड्स, लक्षद्वीप, दमन दीव, दादर नागर हवेली पुलिस सेवा (DANIPS) 

14. इंडियन ऑडिट एंड अकाउंट्स सर्विस (IAAS) 

15. इंडियन सिविल अकाउंट्स सर्विस (ICAS) 

16. इंडियन कॉर्पोरेट लॉ सर्विस (ICLS) 

17. इंडियन डिफेंस एस्टेट सर्विस (IDES) 

18. इंडियन डिफेंस अकाउंट्स सर्विस (IDAS) 

19. इंडियन ऑर्डिनेंस फैक्ट्रीज सर्विस (IOFS) 

20. इंडियन कम्युनिकेशन फाइनांस सर्विस (ICFS) 

21. इंडियन रेलवे अकाउंट्स सर्विस (IRAS) 

22. इंडियन रेलवे पर्सनल सर्विस (IRPS) 

23. इंडियन रेलवे ट्रैफिक सर्विस (IRTS) 

24. आर्म्ड फोर्सेस हेडक्वार्टर्स सिविल सर्विस (AFHCS)

UPSC सिविल सेवा के अलावा इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा (ESE), कंबाइंड डिफेंस सेवा परीक्षा (CDS), नेशनल डिफेंस अकादमी (NDA) परीक्षा, SO स्टेनो परीक्षा, इंडियन इकॉनोमिक सेवा परीक्षा, कंबाइंड मेडिकल सेवा परीक्षा, नौसेना अकादमी परीक्षा, कंबाइंड जियोलॉजिस्ट और जियो साइंटिस्ट परीक्षा आयोजित करता है।

इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा के जरिए दूरसंचार रेलवे, सड़क औऱ अन्य विभागों में इंजीनियरों की नियुक्ति की जाती है। इस सेवा में उम्मीदवारों का चयन प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर किया जाता है। इस परीक्षा को पास करने वाले इंजीनियर भारत सरकार के अधीन काम करते हैं।

कंबाइंड डिफेंस सर्विस एग्जाम (CDS) परीक्षा के जरिए भारतीय सैन्य अकादमी (IMA), भारतीय नौसेना अकादमी (INA), वायु सेना अकादमी (AFA) और अधिकारियों के प्रशिक्षण अकादमी (OTA) में अधिकारियों की नियुक्ति की जाती है। भारत की 3 महत्वपूर्ण सेवाओं जल सेना, थल सेना और वायु सेना में युवाओं की नियक्ति के लिए UPSC NDA एग्जाम आयोजित करती है। साल में 2 बार इस परीक्षा का आयोजन होता है। इस परीक्षा में 12वीं पास युवा शामिल हो सकते हैं।

UPSC कंबाइंड जियोलॉजिस्ट और जियो साइंटिस्ट एग्जाम के जरिए साइंटिस्ट और रिसर्च विभागों में अधिकारी पदों पर नियुक्ति की जाती है। परीक्षा देने के लिए न्यूनतम आयु 21 साल और अधिकतम आयु 32 साल है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाती है। उम्मीदवारों का चयन प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर होता है। परीक्षा में भाग लेने के लिए भू विज्ञान, भौतिकी, रिसर्च से संबंधित विभागों में डिग्री होना चाहिए।