बिहार में एक बार फिर पेपर लीक होने की खबर सामने आई है | दरअसल केंद्रीय चयन पर्षद की ओर से रविवार यानि 1 अक्टूबर को सिपाही भर्ती की परीक्षा का आयोजन किया गया था | जिसमें कुल 21हजार 391 पदों के लिए यह परीक्षा हो रही थी | वहीं इसी बीच रविवार को पटना के कंकड़बाग स्थित द्वारिका कॉलेज से दूसरी पाली में 6 परीक्षार्थियों को पकड़ा गया, जिनके पास से आंसर की बरामद किए गए | बरामद किए गए आंसर की प्रश्न पत्र से मैच हुआ है | वहीं जब इस बात की जानकारी आयोग को दी गई तो उन्होंने इस बात पर बड़ा एक्सन लेते हुए सिपाही भर्ती परीक्षा को रद्द कर दिया | साथ ही जानकारी देते केंद्रीय चयन पर्षद ने बताया कि सिपाही भर्ती को लेकर एक अक्टूबर को हुई दोनों पालियों की परीक्षा को रद्द करने का निर्णय लिया गया है | इसके साथ उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में 7 अक्टूबर और 15 अक्टूबर को होने वाली परीक्षा को भी स्थगित कर दिया गया है |


वहीं गिरफ्तार हुए परीक्षार्थियों पर केस दर्ज कर लिया गया है | इस मामले पर कंकड़बाग थानाध्यक्ष ने बताया कि हम लोग को जानकारी मिली तो हम लोग द्वारिका कॉलेज गए | परीक्षार्थियों के पास से जो आंसर की मिले उसमें लगभग सभी प्रश्नों के सही-सही उत्तर थे | बरामद किए गए आंसर की में 70 से 75 आंसर सही पाए गए हैं | वहीं पटना के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र से भी एक परीक्षा केंद्र पर चार स्कॉलर को गिरफ्तार किया गया है | इसके अलावा समस्तीपुर, सारण, लखीसराय, बेगूसराय, बक्सर, जमुई सहित लगभग एक दर्जन जिलों में इस तरह की कार्रवाई हुई है |


इस घटना के बाद उम्मीदवारों की ओर से पेपर को रद्द कर देने की माँग की जा रही है | वहीं पुलिस की छानबीन में यह जानकारी सामने आई कि सॉल्वर गैंग में उत्तर प्रदेश, हरियाणा और बिहार के माफिया शामिल हैं | पुलिस के अनुसार, बरामद आंसर की को जांच के लिए केंद्रीय चयन पर्षद भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है | साथ ही कुछ लोगों से पूछताछ भी की जा ही है | आपको बता दें बता दें कि केंद्रीय चयन पर्षद यानि CSBC की ओर से 1 अक्टूबर को राज्य के 529 केंद्रों पर परीक्षा हुई है |