gen anil chauhan


केंद्र सरकार ने रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान को देश का नया चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ यानि CDS नियुक्त किया है | आपको बता दें जनरल बिपिन रावत के निधन के बाद अब इस पद पर बैठने वाले वो दूसरे व्यक्ति हैं | सेना में 40 साल सेवा देने के बाद अनिल चौहान पिछले साल ही रिटायर हुए थे | जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर के इलाकों में आतंकवाद के सफाए को लेकर उन्होंने अपने सेवाकाल में बेहतरीन काम किया है |

कौन है रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान 

रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान का जन्म 18 मई 1961(इकसठ) में उत्तराखंड के पौढ़ी में हुआ था | साल 1981(इक्यासी) में उन्होंने भारतीय सेना की 11 गोरखा राइफल्स को ज्वॉइन किया | वह नेशनल डिफेंस एकेडमी, खड़कवासला और इंडियन मिलिट्री एकेडमी, देहरादून के एल्युमनी रहे | सेना में 40 साल के सेवाकाल के दौरान जब वो मेजर जनरल रैंक पर थे, तब उन्होंने नॉर्दन कमान के बारामुला सेक्टर में इन्फ्रेंट्री डिविजन को संभाला था | बाद में जब वो लेफ्टिनेंट जनरल बने तो पूर्वोत्तर में एक कॉर्प को लीड किया | जिसके बाद  उनको ईस्टर्न कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ बनाया गया | सितंबर 2019 में यह पद अपनाने के बाद पिछले साल मई 2021 में जनरल अनिल चौहान रिटायर हुए 

कई आतंकवादियों का किया सफाया 

रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान को उनके आतंकवाद के सफाए के लिए किए गए काम के लिए जाना जाता है | आपको बता दें जब वो जम्मू-कश्मीर में पोस्टेड थे, तो सेना के आतंकवाद विरोधी ऑपरेशंस को प्लान करने में उनकी अहम भूमिका रही | इसका अच्छा खासा अनुभव लेकर वो पूर्वोत्तर के इलाके में जब पहुंचे तो वहां भी उन्होंने उग्रवाद के सफाए में अहम भूमिका निभाई | इस दौरान सेना में उनकी अलग-अलग कमान, स्टाफ इत्यादि जगहों पर हुई नियुक्तियों ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई को मजबूत बनाया |  31 मई 2021 को अपनी रिटायरमेंट के बाद भी वो देश की सुरक्षा और रणनीति को तय करने का काम करते रहे | उन्होंने डायरेक्टर जनरल मिलिट्री ऑपरेशन का प्रभार भी संभाला है | सेना में उनकी विशिष्ट और शानदार सेवा के लिए, लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) अनिल चौहान को परम विशिष्ट सेवा पदक, उत्तम युद्ध सेवा पदक, अति विशिष्ट सेवा पदक, सेना पदक और विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया है |

CDS के साथ मिला सरकार सचिव का पद 

देश का नया सीडीएस बनने के साथ ही रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान भारत सरकार के सैन्य मामलों से जुड़े विभाग के सचिव के रूप में भी कार्य करेंगे | बता दें कि रक्षा मंत्रालय ने चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) की नियुक्ति से संबंधित तीनों रक्षा बलों के नियमों में संशोधन के लिए इसी साल गजट अधिसूचना जारी की थी | इसके मुताबिक केंद्र सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल या जनरल रैंक से रिटायर सैन्य अधिकारी को चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) बनाने को अनुमति दे दी थी | इसके लिए रक्षा मंत्रालय ने थल, वायु और नौसेना के सर्विस एक्ट में भी बदलाव किया है |